परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा में 816 सीटें होने का प्रस्ताव

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक को मंजूरी दे दी है। इन विधेयकों के लागू होने से लोकसभा में सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर 816 होने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव में महिला आरक्षण को लागू करना है।

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था देश के संसदीय परिदृश्य को नया स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।

मेघवाल ने कहा कि इस पहल से देश की लाखों महिलाओं के लिए नेतृत्व और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के नए अवसर खुलेंगे। संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से उनकी आकांक्षाओं को आवाज मिलेगी और नीतिगत फैसलों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने के संकल्प के तहत यह ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।

पीएम मोदी बोले- नारी शक्ति को सशक्त बनाने का संकल्प अडिग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की महिलाओं से जो वादा किया है, उसे पूरा करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति को सशक्त बनाने का उनका संकल्प अडिग है। महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है और वह भी इस प्रयास को साकार करने में जुटे लोगों में शामिल हैं।

अमित शाह ने सभी राजनीतिक दलों से मांगा समर्थन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि निर्वाचित संस्थाओं में महिलाओं को मजबूत प्रतिनिधित्व देना मोदी सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता रही है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं का दशकों पुराना इंतजार अब समाप्त होने की दिशा में है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का सपना अब साकार होने जा रहा है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी राजनीतिक दल इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करेंगे, जिससे महिलाएं शासन व्यवस्था में मजबूत भागीदार बन सकेंगी।

परिसीमन विधेयक पर डीएमके की शर्त, तमिलनाडु की हिस्सेदारी बरकरार रखने की मांग

दूसरी ओर, तमिलनाडु में परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। डीएमके अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा है कि यदि केंद्र सरकार लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखती है, तो उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन कर सकती है।

चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय में डीएमके सांसदों को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि सीटों की कुल संख्या बढ़ने के बावजूद राज्यों के बीच लोकसभा प्रतिनिधित्व का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर ही कायम रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु की मौजूदा सीटें कम नहीं होनी चाहिए और राज्य की हिस्सेदारी में कोई बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

स्टालिन ने कहा कि पहले तमिलनाडु में लोकसभा की 42 सीटें थीं, लेकिन 1976 के परिसीमन के बाद इनकी संख्या घटकर 39 रह गई। उन्होंने याद दिलाया कि डीएमके पहले भी राज्य विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर परिसीमन में उचित प्रतिनिधित्व की मांग उठा चुकी है।

डीएमके का प्रस्ताव, 25 साल तक जारी रहे 1971 की जनगणना का आधार

डीएमके की ओर से पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि पार्टी लोकसभा सीटों में किसी भी तरह की कटौती स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी ने अपने सांसदों से संसद के विशेष सत्र में यह मांग दोहराने का आह्वान किया है कि राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का 1971 की जनगणना पर आधारित अनुपात अगले 25 वर्षों तक जारी रखा जाए।

प्रस्ताव में कांग्रेस पर भी निशाना साधा गया है। डीएमके ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने निष्पक्ष परिसीमन की मांग से अपना रुख बदलकर अब परिसीमन नहीं करने की नीति अपना ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *