अफगानिस्तान में शनिवार, 28 नवंबर 2026 की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, यह भूकंप सुबह 6:25 बजे (आईएसटी) दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 3.8 मापी गई। इसका केंद्र 34.522 उत्तरी अक्षांश और 70.636 पूर्वी देशांतर पर था तथा गहराई 117 किलोमीटर रही। राहत की बात यह है कि इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान या जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
अफगानिस्तान और खासकर हिंदुकुश क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां अक्सर देखी जाती हैं और देश पिछले कुछ सालों में कई बड़े भूकंपों की मार झेल चुका है। इससे पहले 25 अक्टूबर की रात को हिंदुकुश पर्वतीय क्षेत्र में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी गहराई करीब 110 किलोमीटर थी। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (ईएमएससी) ने पहले इसकी तीव्रता 5.8 बताई थी, जिसे बाद में संशोधित कर 5.2 किया गया। मार्च 2026 में भी इसी इलाके में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जबकि 2025 में भी हिंदुकुश क्षेत्र में कई बार भूकंप के झटके लगे थे।
हाल के वर्षों की बड़ी आपदाओं में 31 अगस्त 2025 को पूर्वी अफगानिस्तान में आया 6.0 तीव्रता का भूकंप शामिल है, जिसने कुनार और नंगरहार प्रांतों में भारी तबाही मचाई थी। उस हादसे में दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, हजारों लोग घायल हुए थे और कई गांवों में घर ढह गए थे। पहाड़ी रास्तों के बाधित होने से राहत व बचाव कार्यों में भी मुश्किलें आई थीं।
इसके अलावा अक्टूबर 2023 में पश्चिमी अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में आए शक्तिशाली भूकंपों—7 अक्टूबर को 6.3 तीव्रता के भूकंप और 11 व 15 अक्टूबर के तेज झटकों—में हजारों लोगों की जान गई थी और बड़ी संख्या में मकान तबाह हुए थे। वहीं, अक्टूबर 2015 में हिंदुकुश क्षेत्र में आए 7.5 तीव्रता के भूकंप के झटके भारत और पाकिस्तान के कई हिस्सों तक महसूस किए गए थे।
विशेषज्ञों के अनुसार, अफगानिस्तान के बार-बार भूकंप की चपेट में आने की बड़ी वजह इसकी भौगोलिक स्थिति है। यह इलाका भारतीय और यूरेशियाई टेक्टोनिक प्लेटों के सक्रिय मिलन क्षेत्र में आता है। इन प्लेटों की गति से जमीन के भीतर बनने वाला दबाव ऊर्जा के रूप में बाहर निकलता है, जिससे भूकंप आते हैं। रिक्टर स्केल पर 4.5 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप से घरों व इमारतों को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि 7.0 या उससे ज्यादा की तीव्रता को आमतौर पर विनाशकारी माना जाता है।