‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड की भाजपा नेताओं ने की सराहना, नशामुक्त भारत और पर्यटन के संदेश को बताया प्रेरणादायक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड को रविवार को देशभर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सुना। इस दौरान विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता, जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम बताया। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे प्रेरणादायक कार्यों, प्रतिभाओं और उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं।

नशामुक्त भारत का संदेश युवाओं के लिए प्रेरणादायक

केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस बार ‘मन की बात’ के माध्यम से देश को नशामुक्त भारत का महत्वपूर्ण संदेश मिला। प्रधानमंत्री ने नशे की लत से बाहर निकले एक युवा से बातचीत कर उसकी आपबीती साझा की, जो समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए बड़ी सीख है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर और जीवन को बर्बाद करता है तथा इससे कोई लाभ नहीं होता।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा की धरती और मां महामाया की नगरी में कार्यक्रम सुनने को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ संवाद के इस अनूठे माध्यम से जुड़ने के लिए देशभर के लोग हर महीने के अंतिम रविवार का इंतजार करते हैं।

‘मन की बात’ राजनीति से परे समाज को जोड़ने वाला मंच

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इसके माध्यम से देश के कोने-कोने में लोगों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों को सामने लाते हैं। स्वास्थ्य, फिटनेस, युवाओं की उपलब्धियों, स्टार्टअप और सामाजिक विषयों पर चर्चा के जरिए लोगों को जागरूक करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ छावनी विधानसभा क्षेत्र के बाबू बनारसी दास वार्ड स्थित बूथ संख्या 228 पर कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशभर के युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और उद्यमियों की उपलब्धियों तथा प्रेरणादायक प्रयासों को इस मंच के माध्यम से सामने लाते हैं।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों की उपलब्धियों को देश के सामने रखते हैं। स्वास्थ्य, कला, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित विषयों पर चर्चा कर वे एक अभिभावक की तरह समाज का मार्गदर्शन करते हैं।

पर्यटन और संग्रहालयों को बढ़ावा देने की अपील का स्वागत

ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवति परिडा ने डेनु पंचायत क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को अनुकूल मौसम में पर्यटन स्थलों और स्थानीय संग्रहालयों की सैर करने के लिए प्रेरित किया है। पर्यटन मंत्री होने के नाते उनके लिए यह विशेष खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री स्वयं देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना स्थित बिहार संग्रहालय की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का प्रधानमंत्री द्वारा उल्लेख किए जाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि विश्व के सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान और एशिया में पहला स्थान हासिल करना बिहार के लिए गौरव की बात है। इससे राज्य के लगभग 14 करोड़ लोगों में उत्साह है।

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी संग्रहालय की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बिहार संग्रहालय की चर्चा किए जाने से राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने इस अवसर पर नीतीश कुमार के कार्यकाल में बने बिहार संग्रहालय, बापू सभागार, बापू टावर और गंगा पथ जैसी विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।

राजस्थान भाजपा कार्यालय में भी सुना गया कार्यक्रम

राजस्थान सरकार के मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बताया कि भाजपा के राजस्थान कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की मौजूदगी में सभी ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी ‘मन की बात’ के जरिए देशवासियों से संवाद करते हैं, तो उनके विचारों में कुछ नया सीखने और समझने को मिलता है। उनका प्रत्येक संबोधन लोगों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2014 से ‘मन की बात’ के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में जनता की भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में देशवासियों से मिले सुझावों और अनुभवों को साझा किया जाता है। इनमें राष्ट्रीय कल्याण, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन को बेहतर बनाने से जुड़े विषय प्रमुख हैं। उन्होंने योग का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से लोगों में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

भाजपा नेताओं ने एकमत से कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभर की प्रेरणादायक कहानियों, सामाजिक प्रयासों और जनभागीदारी को एक मंच पर लाने का माध्यम बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *