पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में मिला-जुला रुख, ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर के पार

पश्चिम एशिया में एक बार फिर बढ़े भू-राजनीतिक तनाव के कारण आपूर्ति बाधित होने की आशंकाओं के बीच इस सप्ताह वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। साप्ताहिक कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड जनवरी वायदा 3.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 95 डॉलर और 44 सेंट प्रति बैरल पर बंद हुआ। दूसरी ओर, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड जनवरी वायदा 1.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83 डॉलर और आठ सेंट प्रति बैरल के स्तर पर आ गया।

तनाव और ओपेक प्लस की बैठक पर नजर बाजार विश्लेषकों के अनुसार, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) से गुजरने वाले तेल टैंकरों पर लगातार हो रहे हमलों और सऊदी ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने से वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएं फिर से गहरी हो गई हैं। इसके अलावा, अब वैश्विक निवेशकों और व्यापारियों की नजर रविवार को होने वाली ओपेक और उसके सहयोगी देशों (ओपेक प्लस) की महत्वपूर्ण मंत्रिस्तरीय बैठक पर टिकी है। इस बैठक में आगामी कैलेंडर वर्ष के लिए तेल उत्पादन नीति और कोटा तय करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

भारत पर असर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और माल ढुलाई (फ्रेट) लागत बढ़ने का सीधा असर भारत जैसे बड़े तेल आयातक देशों पर पड़ता है। अपनी जरूरत का लगभग 88 प्रतिशत से अधिक कच्चा तेल आयात करने वाले भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों का यह उतार-चढ़ाव आयात बिल और घरेलू मुद्रास्फीति के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *